IMD Weather Forecast: दिल्ली में मानसून की रफ्तार पड़ी ढीली तो बढ़ी चिंता, आज इन राज्यों में होगी तगड़ी बारिश

By Ajay Kumar

Published on:

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से जारी ऑरेंज अलर्ट के बावजूद लोगों को उमस भरी गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिली है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक बारिश होने की संभावना थी लेकिन असलियत में बारिश के दर्शन कम ही हुए हैं। बुधवार को भी आसमान में बादल छाए रहे पर बारिश का आंकड़ा निराशाजनक रहा। आज के दिन भी IMD ने हल्की से मध्यम बारिश की बात कही है जिस पर नजर बनी हुई है।

दिल्ली के मौसम का हाल

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में आज भी बादल छाए रहेंगे और 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवा बहेगी। इसके साथ ही गरज के साथ बिजली कड़कने और मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की आशा है।

उत्तर प्रदेश में बारिश से राहत

उत्तर प्रदेश में मौसम की बदली चाल ने कई जिलों के निवासियों को बड़ी राहत दी है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आने वाले चार-पांच दिनों तक बार-बार होने वाली बारिश तापमान को सामान्य से नीचे बनाए रखेगी। राजधानी लखनऊ में भी रिमझिम बरसात ने तापमान को काफी नीचे गिरा दिया है। दिन का तापमान जहां 32.3 डिग्री रहा वहीं रात का तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अगले कुछ दिनों में भी बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। विशेष रूप से बुधवार और गुरुवार को राज्य के 35 जिलों में भारी वर्षा की सूचना है।

भारतीय मौसम की भविष्यवाणी

भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली के अलावा अन्य भागों में भी मौसम की भविष्यवाणी की है। पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, गुजरात, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों छत्तीसगढ़ और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश की बात कही गई है। कुछ स्थानों पर तो भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है जिससे स्थानीय जनजीवन पर असर पड़ सकता है।