UP Weather Alert : मध्यप्रदेश के जबलपुर और आसपास के जिलों में बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव, नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ना और स्कूलों की छुट्टी घोषित होने जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 से 72 घंटों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
7 और 8 जुलाई को जबलपुर के स्कूल रहेंगे बंद
जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना ने जिले में जारी लगातार भारी बारिश और रेड अलर्ट को देखते हुए 7 और 8 जुलाई 2025 को सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। आदेश के अनुसार, यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और संभावित जोखिम को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इसमें शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई, और नवोदय विद्यालय सभी शामिल हैं।
लगातार बारिश से नर्मदा नदी उफान पर, बरगी डैम के 9 गेट खोले गए
जबलपुर, मंडला और डिंडौरी जैसे जिलों में हो रही लगातार बारिश के कारण नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जल स्तर बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो गई, जिसके चलते रविवार को बरगी डैम के 9 गेट खोले गए। इससे नर्मदा के निचले क्षेत्रों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है। डैम प्रबंधन और जिला प्रशासन ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है।
प्रदेश में बना मौसम का सबसे ताकतवर सिस्टम, अगले 5-6 दिन जारी रहेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, मध्यप्रदेश में इस समय तीन स्ट्रॉन्ग वेदर सिस्टम सक्रिय हैं, जिनमें दो ट्रफ लाइन और एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम शामिल है। इसे इस मॉनसून सीजन का सबसे प्रभावशाली सिस्टम माना जा रहा है। अगले 5-6 दिन तक प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
औसत से 58% अधिक बारिश, कई जिलों में हालात बिगड़े
प्रदेश में अब तक औसत से 58% ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। शनिवार को श्योपुर में 7 इंच, जबकि जबलपुर में सवा चार इंच पानी गिरा। राजधानी भोपाल में लगातार तीसरे दिन रिमझिम बारिश हुई और आधा इंच से अधिक पानी दर्ज किया गया।
नरसिंहपुर और पन्ना में बारिश ने मचाई तबाही, लोगों की जान गई
शुक्रवार रात नरसिंहपुर जिले में भारी बारिश के कारण स्टेट हाईवे-22 की पुलिया बह गई, जिससे करेली-गाडरवारा-पिपरिया मार्ग अवरुद्ध हो गया। वहीं शहडोल के मझौली गांव में एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से 70 वर्षीय बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई। पन्ना जिले में भी बिलखुरा बांध की नहर टूटने से कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कुछ घर पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं और निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।
आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज जबलपुर, सागर, दमोह, सिवनी, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। संभावना है कि अगले 24 घंटे में 8 इंच तक बारिश हो सकती है। साथ ही, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में भी मौसम खराब बना रहेगा।
7 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी
7 जुलाई को मौसम विभाग ने सीहोर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला और बालाघाट में अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा देवास, हरदा, छिंदवाड़ा, विदिशा, रायसेन, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, उमरिया और डिंडौरी में भारी बारिश का अलर्ट है।
8 जुलाई को भी बारिश नहीं थमेगी, मंडला और बालाघाट पर नजर
8 जुलाई को भी मंडला, सिवनी और बालाघाट में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। कटनी, सतना, शहडोल, उमरिया, पन्ना, अशोकनगर, रायसेन, विदिशा, सीहोर और जबलपुर जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
9 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट, और बिगड़ सकते हैं हालात
9 जुलाई को मौसम विभाग ने फिर चेतावनी दी है कि जबलपुर, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, सिवनी, बैतूल, रायसेन, सीहोर, पांढुर्णा और छिंदवाड़ा जैसे जिलों में अति भारी बारिश की संभावना है। जबकि भोपाल, देवास, अशोकनगर, गुना, सतना, पन्ना, मैहर, शहडोल, अनूपपुर समेत कई अन्य जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासन अलर्ट पर, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
जिला प्रशासन की ओर से नदियों के किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। साथ ही स्कूल बंद कर दिए गए हैं और आपातकालीन व्यवस्थाएं सक्रिय की गई हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें, और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।















