Haryana Monsoon Alert : हरियाणा में मानसून ने पूरी ताकत से दस्तक दे दी है। प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, बूंदाबांदी, और मौसम का तेजी से बदलता मिजाज देखने को मिला। रविवार को चरखीदादरी, भिवानी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी को छोड़ शेष इलाकों में मौसम परिवर्तनशील रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के भीतर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पूरे प्रदेश में एक्टिव रहेगा मानसून
सोमवार को मानसून पूरे प्रदेश में व्यापक प्रभाव डालेगा। जून का आखिरी दिन भारी बारिश के साथ बीतेगा। यमुनानगर में रविवार को सबसे अधिक 37.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इस बारिश के चलते जलस्तर बढ़ा और नदियां उफान पर आ गईं।
यमुनानगर में सोम और पथराला ने बढ़ाई चिंता
यमुनानगर जिले में सोम और पथराला नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। हथनीकुंड बैराज पर रविवार दोपहर 12 बजे तक 25,287 क्यूसेक पानी का बहाव दर्ज किया गया। सोम नदी में भी 9,496 क्यूसेक पानी बहा। सिंचाई विभाग के मुताबिक दादूपुर हेड पर सुबह 9 बजे 9,400 क्यूसेक पानी बह रहा था, जो दोपहर तीन बजे तक 11,500 क्यूसेक तक पहुंच गया।
कई जिलों में तापमान 30 डिग्री से नीचे
वर्षा के कारण हरियाणा के कई जिलों में तापमान में बड़ी गिरावट आई। रविवार को अंबाला और करनाल में अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री, कुरुक्षेत्र में 28.8 डिग्री, और पानीपत में 30.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि गुरुग्राम, फरीदाबाद और नारनौल जैसे कुछ क्षेत्रों में तापमान अब भी 32 से 36 डिग्री के बीच रहा।
जनता से सतर्कता बरतने की अपील
तेज बारिश और नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट मोड पर आ गई हैं। लोगों से नीचले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने, बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने, तथा जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की जा रही है।