Bernard Arnault बने दुनिया के सबसे अमीर शख़्स, Elon Musk के सिर से छिना दुनिया का सबसे अमीर शख्स होने का खिताब

एलन मस्क अब दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी नहीं हैं। फ्रांसीसी अरबपति और लुई वितॉ मोएट हेनेसी के CEO बर्नार्ड अरनॉल्ट उन्हें पछाड़कर पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। मस्क की नेटवर्थ में आई गिरावट का कारण टेस्ला के शेयरों का लगातार टूटना और LVMH के शेयर में तेजी है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स और फोर्ब्स दोनों में मस्क दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। अरनॉल्ट फोर्ब्स की लिस्ट में अभी नंबर 1 पर ही बने हुए हैं। ऐसे में लोग जानना चाहते हैं कि आखिर बर्नार्ड अरनॉल्ट आखिर कौन हैं। आइए हम आपको इस बिजनेसमैन के बारे में बताते हैं…
बर्नार्ड अर्नाल्ट के पास इतनी संपत्ति
ब्लूमबर्ग के अनुसार अरनॉल्ट की नेटवर्थ अब 171 बिलियन डॉलर (करीब 14.12 लाख करोड़ रुपए) है, जबकि एलन मस्क की नेटवर्थ महज 164 बिलियन डॉलर (करीब 13.5 लाख करोड़ रुपए) रह गई है। भारतीय अरबपति गौतम अडानी 125 बिलियन डॉलर (करीब 10.32 लाख करोड़ रुपए) की नेटवर्थ के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।
इसके बाद अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस और बिल गेट्स हैं। दोनों की नेटवर्थ 116 बिलियन डॉलर (करीब 9.5 लाख करोड़ रुपए) है। मुकेश अंबानी 89.7 बिलियन डॉलर (करीब 7.41 लाख करोड़ रुपए) के साथ 9वें स्थान पर हैं।
लुई विटॉन के प्रेसीडेंट हैं बर्नार्ड अरनॉल्ट
बर्नार्ड अरनॉल्ट दुनिया के प्रमुख लग्जरी प्रोडक्ट ग्रुप लुई विटॉन मोएट हेनेसी के अध्यक्ष और सीईओ हैं। बर्नार्ड अरनॉल्ट का जन्म 5 मार्च, 1949 को फ्रांस के रूबैक्स की एक बिजनैस फैमिली में हुआ था। उन्होंने इकोले पॉलिटेक्निक से पढ़ाई करने के बाद फेरेट-सविनेल कंस्ट्रक्शन कंपनी के साथ एक इंजीनियर के रूप में अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की।
इसके बाद 1978 में प्रेसीडेंट बनने से पहले उन्हें इस कंपनी में कई प्रमोशन मिले। बर्नार्ड 1984 तक वहीं रहे। उन्होंने इस दौरान Financière Agache होल्डिंग कंपनी को फिर से तैयार किया। लग्जरी फैशन में उनकी दिलचस्पी दिन प्रतिदिन बढ़ती चली गई। उन्होंने दुनिया की अग्रणी लग्जरी कंपनी को विकसित करने की रणनीति शुरू करने के साथ ही फायदा पहुंचाने वाला ग्रुप बना दिया।
73 साल के अरबपति ने पिता से सीखे गुर
पांच मार्च 1949 को जन्मे बर्नार्ड अर्नाल्ट अब 73 साल के हो चुके हैं। उन्होंने कारोबार के गुर अपने पिता से सीखे थे। दरअसल, वे एक इंडस्ट्रियलिस्ट फैमिली में जन्मे थे। ग्रेजुएशन कंप्लीट करने के बाद 1971 में उन्होंने अपने पिता के साथ पारिवारिक कंस्ट्रक्शन फर्म Ferret-Savinel में हाथ बंटाना शुरू कर दिया था। इसके बाद 1979 में वे इस कंपनी के चेयरमैन बनाए गए थे। इसके बाद उन्होंने कारोबार को ऐसा बढ़ाया कि आज वे दुनिया के सबसे अमीर इंसान बन चुके हैं।
बर्नार्ड अरनॉल्ट कौन हैं?
बर्नार्ड अरनॉल्ट को मॉडर्न लग्जरी फैशन इंडस्ट्री का गॉडफादर माना जाता है। ये दुनिया के सबसे बड़े फैशन ग्रुप लुई वितॉ मोएट हेनेसी (LVMH) के फाउंडर, चेयरमैन और सबसे बड़े शेयरहोल्डर हैं। बर्नार्ड अर्नाल्ट का ग्रुप लुई वितॉ मार्केट कैप के लिहाज अपने नजदीकी कॉम्पिटिटर केरिंग से करीब चार गुना ज्यादा बड़ा है।