छुट्टियों का सबसे महत्वपूर्ण पहलू है अपने बजट के अनुसार सही होटल या आवास चुनना। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में ऐसे भी होटल हैं जो एक दिन के लिए लाखों रुपये किराया लेते हैं? अगर आप अपने लिए बेस्ट टू बेस्ट एक्सपीरियंस चाहते हैं, तो हम आपके लिए भारत के कुछ शानदार और सबसे महंगे होटलों की लिस्ट लेकर आए हैं।
किराया क्यों है इतना ज्यादा
ये होटल अपनी बेजोड़ सुविधाओं और लुभावने परिवेश के साथ लग्जरी मेहमान नवाजी के लिए जाने जाते हैं। इन होटलों में खाने से लेकर सर्विस तक में टॉप क्लास एक्सपीरियंस मिलता है, जो आप जीवन भर नहीं भूल पाएंगे। यहां का वातावरण, सेवा और आरामदायक सुविधाएं इनकी कीमत को जायज ठहराती हैं।
निजाम सुइट, ताज फलकनुमा पैलेस, हैदराबाद
हैदराबाद के आखिरी निजाम का पूर्व घर, ताज फलकनुमा पैलेस, वैभव और आकर्षण से भरा हुआ है। निजाम सुइट को प्रिंसेस एज्रा ने व्यक्तिगत रूप से डिजाइन किया है। इसमें एक निजी स्विमिंग पूल, वर्साचे क्रॉकरी, ऑन-कॉल बटलर और बेहतरीन यूरोपीय, मुगल और राजस्थानी-प्रेरित इंटीरियर हैं। इस सुइट का एक रात का किराया 7.5 लाख रुपये तक है।
महारानी सुइट, उम्मेद भवन पैलेस, जोधपुर
जोधपुर का महारानी सुइट 1940 के दशक में महाराजा उम्मेद सिंह द्वारा निर्मित विलासिता और राजसीपन का प्रतीक है। महारानी सुइट कभी महारानी बदन कंवर का घर हुआ करता था। इसकी छत से मेहरानगढ़ किले का मनमोहक दृश्य भी दिखाई देता है। इस सुइट का एक रात का किराया 8.8 लाख रुपये तक है।
शंभु प्रकाश सुइट, ताज लेक पैलेस, उदयपुर
महाराणा शंभू सिंह के नाम पर ताज लेक पैलेस में शंभु प्रकाश सुइट वैभव और भव्यता का प्रतीक है। यूरोपीय शैली के डिजाइन और उदयपुर की झील और पहाड़ियों के मनोरम दृश्यों के साथ यह शानदार सुइट एक अद्वितीय अनुभव प्रदान करता है। इसके एक रात का किराया 10 लाख रुपये तक है।
सुख निवास, रामबाग पैलेस, जयपुर
भारत के राजसी सार को समेटे हुए। जयपुर के रामबाग पैलेस में सुख निवास सुइट बेजोड़ विलासिता का प्रतीक है। इसमें विशालकाय और भव्य डाइनिंग एरिया, शानदार बेडरूम और मनोरम दृश्य पेश करने वाली प्राइवेट छत के साथ कभी न भूलने वाला एक्सपीरियंस देता है। इसका एक रात का किराया 10 लाख रुपये तक है।
महाराजा पवेलियन, राज पैलेस, जयपुर
मूल रूप से 1727 में निर्मित राज पैलेस एक शानदार हेरिटेज होटल है जो राजस्थान की समृद्ध संस्कृति और विरासत की झलक दिखाता है। महाराजा पवेलियन एक बहुमंजिला सुइट है जिसमें एक निजी पूल, लाइब्रेरी, स्पा और कई आरामदायक जगहें हैं। इसमें सोने की पत्ती वाली दीवारें हैं, जो वास्तव में शाही अनुभव देती हैं। इसकी कीमत 29 लाख रुपये प्रति रात है।
बेजोड़ सुविधाएं और सेवाएं
इन होटलों में बुकिंग करने पर आपको केवल एक कमरे की सुविधा नहीं मिलती। बल्कि एक पूरा अनुभव मिलता है। प्राइवेट पूल, ऑन-कॉल बटलर, शानदार इंटीरियर्स और विश्वस्तरीय खाना आपको एक राजा-रानी जैसा महसूस कराते हैं। इन होटलों में सर्विस का स्तर इतना उच्च होता है कि आप कभी भूल नहीं पाएंगे। हर छोटी से छोटी बात का ख्याल रखा जाता है ताकि मेहमानों को कोई परेशानी न हो।